महराजगंज। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर शुक्रवार को पार्टी संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षा मंत्री श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री सुशील कुमार टीबडेवाल मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि सुशील कुमार टीबडेवाल ने कहा कि देश में केवल दो नेताओं को ही नेताजी कहा गया। एक सुभाष चंद्र बोस और दूसरा मुलायम सिंह यादव। उन्होंने बताया कि मात्र 15 वर्ष की आयु में लोहिया के आंदोलन से जुड़कर नेताजी ने जीवनभर दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव नेताजी के विचारों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाते हुए पीडीए के नारे के माध्यम से समाज को एकजुट कर रहे हैं। टीबडेवाल ने 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना ही नेताजी को सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने कहा कि सैफई जैसे छोटे से गांव से निकलकर नेताजी ने तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री बनकर अपनी राजनीतिक यात्रा को मिसाल बनाया। समाजवादी अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रवण पटेल ने भी नेताजी के संघर्षमय जीवन और समाजवाद के प्रति उनकी निष्ठा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने गरीबों, किसानों और पिछड़ों की आवाज हमेशा बुलंद की।
कार्यक्रम में प्रणय गौतम, यज्ञदत्त पासवान, नौशाद आलम, महातम यादव, अतुल पटेल, गीता रत्ना पासवान, मक्खू प्रसाद, डॉ. एसएस पटेल, सतीश यादव, बोनी शेख, तैयब अंसारी, अमरनाथ यादव, विकास यादव, अब्दुल्लाह सिद्दीकी, भानु प्रताप, अभिषेक कुमार, मनीष यादव, अली शेर खान, बिट्टू यादव, लकी सिद्दीकी, हीरालाल जख्मी सहित आदि ने संबोधित किया।
( 0 ) - Comments