महराजगंज। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन रविवार को जिले के 41 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया, जिसमें कुल 2127 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। इनमें 808 पुरुष, 966 महिलाएं और 353 बच्चे शामिल रहे। इसके साथ ही जनपद में 250 गोल्डेन कार्ड भी बनाए गए।
संचारी रोगों के मद्देनज़र आयोजित इन मेलों को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मेला नोडल डॉ. केपी सिंह ने अर्बन पीएचसी इंद्रिनगर का निरीक्षण कर ब्लॉक स्तर पर समय से मेले के आयोजन और अधिकतम मरीजों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी ड्रेस में ड्यूटी स्थल पर मौजूद रहें और बुखार के हर मरीज की अनिवार्य रूप से खून की जांच की जाए।
डॉ. केपी सिंह ने आभा आईडी बनाने पर भी बल दिया ताकि सेवाओं में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेले की मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री व प्रमुख सचिव स्तर से होती है, ऐसे में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी। जिम्मेदार चिकित्सक और स्टाफ समय से उपस्थित होकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं, क्योंकि स्वास्थ्य व्यवस्था जिले की गरिमा से जुड़ी है।
( 0 ) - Comments