महराजगंज। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को रामस्वरूप विश्वविद्यालय की अनियमितताओं और पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला संयोजक शिवम शर्मा ने किया। कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से जुलूस निकालकर सक्सेना चौराहे पहुंचे, जहां पुलिस से झड़प के दौरान पुतला छूट गया। बाद में नारेबाजी करते हुए अभाविप कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री के संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
अभाविप ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे विधि छात्रों व कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बाहरी गुंडों के साथ मिलकर बर्बर लाठीचार्ज किया, जो निंदनीय है। संगठन ने बताया कि विश्वविद्यालय में बिना नवीनीकरण व अनुमति के विधि पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा था। बुधवार को बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा सशर्त अनुमति दिए जाने से स्पष्ट हो गया कि अब तक पाठ्यक्रम अवैध रूप से चल रहा था।
ज्ञापन में मांग की गई कि लाठीचार्ज में शामिल पुलिसकर्मियों व बाहरी तत्वों पर मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई हो। साथ ही अवैध पाठ्यक्रम और धन उगाही की जांच कर विश्वविद्यालय को बंद किया जाए तथा निष्कासित छात्रों को न्याय मिले। उच्च शिक्षा परिषद की एफआईआर के आधार पर त्वरित कार्रवाई और विश्वविद्यालय द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए कब्जे को हटाने की भी मांग की गई।
अभाविप ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन होगा। इस मौके पर विनय वर्मा, विपिन, अनुराग, सहायक चौरसिया, निखिल यादव, विपुल तिवारी, पवन साहनी, सत्येंद्र, अखंड, राकेश पाण्डेय, अभिषेक प्रजापति, मिथिलेश अग्रहरि, अखिल सिंह, दीपक साहनी, उत्तम निषाद, राघवेंद्र तिवारी, धनंजय, विशाल त्रिपाठी, अंकित रौनियार सहित आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
( 0 ) - Comments