महराजगंज। जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यशैली को लेकर व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को संयुक्त व्यापारी मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में व्यापारियों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और विभागीय अधिकारियों पर मनमानी व उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
संयोजक पशुपतिनाथ गुप्त ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग ग्रामीण और शहरी इलाकों में बिना किसी पूर्व सूचना के छापेमारी करता है और छोटे दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान करता है। उनसे गैरज़रूरी दस्तावेज मांगे जाते हैं, जिससे उनके व्यापार पर असर पड़ता है और उन्हें आर्थिक नुकसान और मानसिक तनाव झेलना पड़ता है।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि विभाग की कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ और उत्पीड़न बंद नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। पकड़ी, बागापार, पनियरा, सिंदुरिया और परतावल जैसे क्षेत्रों से भी व्यापारियों ने विभागीय अधिकारियों पर मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।
इस दौरान सिकंदर रौनियार, श्रवण वर्मा, श्रीकृष्ण कसौधन, श्रीकृष्ण मोहन गुप्ता, सुरेश गुप्ता, बद्री, विशाल गुप्ता, रविंद्र अग्रहरि, विनोद कुमार, विजय कुमार, राममिलन चौरसिया, प्रमोद जायसवाल, ओमप्रकाश पांडेय, राधारमण गुप्ता, विनोद मद्धेशिया, गणेश प्रसाद चौधरी, प्रेम नारायण पांडेय, हरिलाल वर्मा आदि व्यापारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
( 0 ) - Comments