महराजगंज। सूर्य नारायण सिंह कन्या इंटर कॉलेज भिटौली में शनिवार को मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत लैंगिक असमानता और महिला सशक्तिकरण पर आधारित नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छात्राओं ने जीवंत अभिनय और संवादों के माध्यम से लिंग भेदभाव, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर समाज को जागरूक किया।
महिमा यादव, काजल साहनी, शिल्पा कन्नौजिया, सानिया खातून, अन्नू पटेल, अंशिका मौर्या, गीतांजलि जायसवाल और नेहा सहित अन्य छात्राओं ने स्थानीय भाषा और गीतों के जरिए लोगों को संदेश पहुंचाया। कार्यक्रम में बाल विवाह, बाल श्रम और लैंगिक भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प भी लिया गया। महिला कल्याण विभाग की रत्ना तिवारी ने छात्राओं को बच्चों और महिलाओं से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1090 वुमेन पावर लाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की उपयोगिता बताई।
विद्यालय की प्रधानाचार्य मनीषा पांडेय ने छात्राओं की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य बेटियों में आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाना है, ताकि वे किसी भी प्रकार के शोषण और भेदभाव का डटकर सामना कर सकें। इस अवसर पर शिक्षिकाओं पल्लवी सिंह, मधुमिता सिंह, पूनम वर्मा, शशिलता पांडेय, संध्या चौधरी, कुमकुम त्रिपाठी, ममता शुक्ला, रेणुका चन्द, रोशनी वर्मा, संगीता वर्मा और राधा गुप्ता ने भी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
( 0 ) - Comments