महराजगंज। सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने सोमवार को लखनऊ में विधानसभा सत्र के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के वन मंत्री केपी मालिक से शिष्टाचार भेंट कर अपने क्षेत्र के किसानों की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि वन क्षेत्र से सटे गांवों के किसान लंबे समय से जंगली सूअर, नीलगाय और अन्य आवारा पशुओं से परेशान हैं, जो खेतों में घुसकर फसलों को नष्ट कर देते हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है और उनकी आजीविका संकट में पड़ जाती है।
विधायक ने कहा कि किसानों की मुख्य आय खेती से होती है, लेकिन बार-बार फसल नष्ट होने से उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है और उनका मनोबल भी टूट रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि वन क्षेत्र से सटे गांवों में तार बाड़ (फेंसिंग) की व्यवस्था की जाए, जिससे जंगली और आवारा पशु खेतों में प्रवेश न कर सकें।
इस मौके पर विधायक कन्नौजिया ने मंत्री को एक लिखित पत्र भी सौंपा, जिसमें पिपरा गुरु गोविंद राय से चौक बाजार, कटहरा होते हुए चेहरी तक जंगल किनारे तार बाड़ लगाने का प्रस्ताव रखा गया। उन्होंने कहा कि यह कार्य जनहित में शीघ्र कराया जाए, जिससे मौजूदा धान की फसल को बचाया जा सके। वन मंत्री केपी मालिक ने विधायक की मांग को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि इस विषय पर विभागीय स्तर पर विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही किसानों को इस समस्या से राहत मिलेगी।
( 0 ) - Comments