-अराजी सुबाईन से सूबेदारपुर तक तटबंध पर नजर रखने का निर्देश
महराजगंज। लगातार हो रही बारिश के बीच संभावित बाढ़ संकट को लेकर रविवार शाम जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने नौतनवा तहसील अंतर्गत रोहिन नदी के तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अराजी सुबाईन से सूबेदारपुर तक तटबंध पर विशेष निगरानी रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाने के निर्देश अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद भी किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य सुरेश चंद्र सहानी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उन्हें एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें तटबंध पर कटान निरोधक कार्य और जगह-जगह फाटकदार पुलिया निर्माण की मांग की गई। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 9 किलोमीटर लंबे इस तटबंध पर कई स्थानों पर कटान की आशंका बनी रहती है।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाने की भी हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान अमहवा चौराहा के पास स्थित रोहिन तटबंध का जायजा लेने के बाद जिलाधिकारी ने वापस लौटते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर नौतनवा एसडीएम और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
( 0 ) - Comments