-दीवारों में सीलन, अधूरी सड़क और बिना चहारदीवारी देख डीएम ने जताया असंतोष
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को निर्माणाधीन एटीएस सर्वोदय विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन निर्माण की धीमी प्रगति और विभिन्न निर्माणात्मक खामियों पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विद्यालय के मुख्य हॉल, डॉरमेट्री, रसोई, प्रधानाध्यापक और कर्मचारी आवास का निरीक्षण करते हुए देखा कि हॉल और रसोई की दीवारों में सीलन है। इसके अलावा विद्यालय की चहारदीवारी अब तक नहीं बनाई गई है तथा मुख्य गेट से कर्मचारी आवास तक सड़क का निर्माण भी अधूरा है। इन अव्यवस्थाओं को देखते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था यूपीसिडको पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार यादव को सभी खामियों की एक सूची तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि यूपीसिडको को एक कठोर पत्र भेजा जाए और इन खामियों को भवन हस्तांतरण से पूर्व हर हाल में दुरुस्त कराया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यालय भवन का हस्तांतरण तभी किया जाएगा जब तकनीकी समिति द्वारा पूर्ण जांच के उपरांत इसे सही पाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
( 0 ) - Comments