महराजगंज। जिले के नागरिकों की शिक्षा संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा द्वारा एक अभिनव पहल की गई है। उन्होंने घोषणा की है कि 07 अगस्त को ई-चौपाल के माध्यम से बेसिक शिक्षा विभाग की विशेष समीक्षा बैठक की जाएगी, जिसमें जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष बल दिया जाएगा।
इस संबंध में डीएम कार्यालय का मोबाइल नंबर 7393955896 जारी करते हुए वाट्सएप के माध्यम से शिकायतें आमंत्रित की गई हैं। नागरिक पेंशन, विद्यालयों की जर्जर स्थिति, शिक्षकों की अनुपस्थिति, मिड-डे मील, अवस्थापन सुविधाएं जैसी समस्याओं को शाम 04:00 बजे तक साझा कर सकते हैं। साथ ही, गूगल मीट लिंक https://meet.google.com/bbq-npbv-pfv के माध्यम से सीधे जिलाधिकारी से जुड़कर भी अपनी शिकायतें दर्ज कर सकते हैं।
जिला सूचना अधिकारी ने जानकारी दी कि प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ की जाएगी और गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पूर्व जिलाधिकारी श्री शर्मा द्वारा विद्युत विभाग से जुड़ी शिकायतों पर भी विशेष समीक्षा की गई थी, जिसमें उन्होंने प्रभावी समाधान के निर्देश दिए थे। उन्होंने इस बार भी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनशिकायतों के निस्तारण में व्यक्तिगत जवाबदेही तय की जाए और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाए।
( 0 ) - Comments