महराजगंज। ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार के बैनर तले सोमवार को बड़ी संख्या में निवेशकों ने अपने भुगतान की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर धरना देकर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। पीड़ितों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी जमा पूंजी वापस पाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन जिला प्रशासन उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रहा है। धरना समाप्त होने के बाद ठगी पीड़ितों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई और जल्द से जल्द भुगतान की मांग की।
पीड़ित निवेशकों ने कहा कि बार-बार ज्ञापन देने और शांतिपूर्ण आंदोलन करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है। ऐसे में विवश होकर उन्हें एक बार फिर धरना देने को बाध्य होना पड़ा है। उनका कहना था कि यह संघर्ष न्याय मिलने तक जारी रहेगा।
जमाकर्ता परिवार के जिलाध्यक्ष कृष्ण मोहन गुप्ता ने कहा कि ठगी पीड़ितों और जनता की न्यायपूर्ण मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
धरने में नर्वदेश्वर पटेल, रविशंकर विश्वकर्मा, प्रदीप कुमार, अशोक सहानी, उमेश चंद, नंदलाल गौतम, सुग्रीव प्रसाद, गणेश प्रसाद चौधरी, रंगरेज प्रसाद गुप्ता, संतोष कुमार प्रजापति, सुदामा प्रसाद वर्मा, हरिलाल वर्मा, रामप्रीत सहानी, मोलई प्रसाद, दिनेश धारिया, राजेश मोदनवाल, हरिश चौरसिया सहित कई पीड़ित निवेशक मौजूद रहे।
( 0 ) - Comments