महराजगंज। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शुक्रवार को धनेवा स्थित आवास पर प्रेस वार्ता में जीएसटी सुधारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का यह कदम महंगाई नियंत्रण और आम जनता की जेब को राहत देने वाला है। अब देश में केवल दो जीएसटी स्लैब 5 और 18 प्रतिशत रह गए हैं, जबकि पहले 12 और 28 प्रतिशत की श्रेणियां थीं। रोजमर्रा की वस्तुओं जैसे दूध, पनीर, रोटी और 33 जीवनरक्षक दवाओं पर से जीएसटी समाप्त कर दिया गया है। साबुन, शैंपू, टूथपेस्ट, टूथब्रश, साइकिल, कॉफी, पास्ता व नमकीन पर टैक्स घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके अलावा आटा, दाल, चावल, गुड़ और सब्जी जैसे खाद्य पदार्थ पूरी तरह कर मुक्त रहेंगे।
उन्होंने बताया कि गुटखा, पान मसाला, तंबाकू उत्पाद, बड़ी गाड़ियां और 350 सीसी से ऊपर की बाइक पर कर बढ़ाकर 40 प्रतिशत किया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं में सामान्य जांच, ब्लड टेस्ट, एमआरआई और एक्स-रे को जीएसटी मुक्त किया गया है। शिक्षा क्षेत्र में किताबें, कॉपियां और स्टेशनरी पर से भी जीएसटी हटा दिया गया है। मोबाइल, टीवी 32 इंच तक, फ्रिज और वॉशिंग मशीन पर दर घटाकर 5 प्रतिशत कर दी गई है।
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि होटल-रेस्टोरेंट सेक्टर को राहत देते हुए 1000 रुपये प्रतिदिन तक के किराए वाले होटल रूम को करमुक्त और 7000 रुपये तक के कमरे पर केवल 5 प्रतिशत कर लगाया गया है। छोटे रेस्टोरेंट में भोजन पर भी टैक्स घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। किसानों और छोटे व्यापारियों के लिए खाद, कीटनाशक और कृषि उपकरणों पर जीएसटी घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। चौधरी ने कहा कि इन सुधारों से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को सीधी राहत मिलेगी, महंगाई पर नियंत्रण होगा और विकसित भारत की दिशा में यह ठोस कदम साबित होगा।
( 0 ) - Comments