महराजगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सदर में सोमवार को आयोजित एएनएम बैठक में डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह ने 30 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग अनिवार्य करने के निर्देश दिए। डॉ. केपी सिंह ने कहा कि इस आयुवर्ग में आनुवंशिक बीमारी के साथ-साथ कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों की आशंका अधिक होती है। इसलिए समय रहते बीमारी का पता लगाने और स्वास्थ्य संरक्षण के लिए स्क्रीनिंग बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि हेल्थ वेलनेस सेंटर में तैनात एएनएम को सीएचओ से समन्वय स्थापित कर स्क्रीनिंग पर विशेष जोर देना चाहिए। डॉ. सिंह ने एएनएम को यह भी निर्देश दिए कि वे मंगलवार तक सभी गर्भवती महिलाओं की रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड कर दें और गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण का कार्य समय पर कर पोर्टल पर दर्ज करें। अधीक्षक डॉ. केपी सिंह ने कहा कि समय पर स्क्रीनिंग और टीकाकरण से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है और लोगों को स्वस्थ जीवन सुनिश्चित किया जा सकता है। एएनएम को समन्वय और नियमित रिपोर्टिंग के माध्यम से स्वास्थ्य केंद्रों की जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने पर भी जोर दिया गया।
( 0 ) - Comments