रिपोर्ट नीरज गुप्ता
निचलौल/महराजगंज
निचलौल हरिओम पैलेस निचलौल आज एक ऐतिहासिक क्षण का गवाह बना, जब साहू तैलीक कल्याण समिति द्वारा आयोजित विशाल प्रतिभा सम्मान समारोह में समाज की एकजुटता, शिक्षा के प्रति जागरूकता और राजनीतिक चेतना का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। हजारों की भीड़ ने तालियों की गड़गड़ाहट से माहौल गुंजायमान कर दिया।मुख्य अतिथि सीतापुर सांसद माननीय श्री राकेश राठौर ने अपने प्रभावशाली संबोधन में कहा हमारे समाज में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं, बस जरूरत है उन्हें पहचानने और मार्गदर्शन देने की। अब वक्त है कि हम किसी पार्टी का पिछलग्गू न बनें, बल्कि अपने समाज के नाम पर वोट दें। जब समाज संगठित होगा, तभी सम्मान और अधिकार मिलेगा।विशिष्ट अतिथि झारखंड की शेरनी, पूर्व विधायक सुश्री अंबा प्रसाद ने अपने जोशीले संबोधन में कहा आज हमारी स्थिति एससी-एसटी समाज से भी कमजोर है, क्योंकि हम एकजुट नहीं हैं। वे एक आवाज पर सरकार तक को झुका देते हैं, और हम पार्टी की राजनीति में उलझकर अपना ही नुकसान कर रहे हैं। अगर हमने एकजुट होकर आवाज उठाई, तो आने वाला समय साहू तैलीक समाज का होगा। अब हमें अपने लोगों को संसद और विधानसभा तक पहुंचाना है।” अति विशिष्ट अतिथि और ‘नेशनल आवाज’ के संचालक मनोज मुसाफिर ने कहा हमारे समाज के ये प्रतिभावान बच्चे हमारी धरोहर हैं। आधा पेट खाकर भी अगर हम अपने बच्चों को शिक्षित करेंगे, तो हमारा आने वाला भविष्य सुनहरा होगा। शिक्षा ही हमें सोचने, समझने और तर्क करने की शक्ति देती है।” मंच का कुशल संचालन जिला संयोजक लालजी गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा समाज अब नींद से जाग चुका है, और बहुत जल्द उसका परिणाम हर क्षेत्र में दिखाई देगा। सिसवा विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी श्री राजू कुमार गुप्ता ने कहा संख्या हमारी बहुत है, लेकिन जरूरत है एकजुटता की। अगर हम संगठित हो गए तो कोई ताकत हमें हाशिये पर नहीं रख सकती। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष श्री रामसेवक साहू ने कहा इतनी भारी भीड़ यह साबित करती है कि अब हमारा समाज अपने अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी को लेकर जागरूक हो चुका है। पंचायत चुनाव में हमें अपने समाज के योग्य प्रतिनिधियों को आगे बढ़ाना होगा।”
( 0 ) - Comments