महराजगंज। भाजपा ने नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म अभियान के तहत नगर में जीएसटी बचत उत्सव मनाया। इस अवसर पर विधायक जयमंगल कन्नौजिया और अन्य नेताओं ने व्यापारियों और ग्राहकों से संवाद कर घटी हुई जीएसटी दरों के लाभ के बारे में जानकारी दी और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
नगर के सक्सेना तिराहे पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों की राय जानी और उन्हें घटी हुई जीएसटी दरों का फायदा समझाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के समर्थन में नारे लगाते हुए गुलाब के फूल और गर्व से कहो यह स्वदेशी है स्टीकर वितरित किए।
विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि घटाई गई जीएसटी दरों का लाभ सीधे ग्राहकों तक पहुंचेगा, जिससे व्यवसाय और रोजगार दोनों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि इससे रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतें कम होंगी और आम जन की क्रय क्षमता बढ़ेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत बनाएं। कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, महेंद्र निगम, विष्णु मद्धेशिया, रमेश वर्मा, सनत पांडेय और राकेश अग्रहरी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल गरीब, युवा, महिला, व्यापारी और मध्यम उद्योगों के लिए लाभकारी साबित होगी। इस आयोजन के माध्यम से जनता और व्यापारियों को सीधे संवाद का अवसर मिला और जीएसटी में कमी से होने वाले आर्थिक लाभ को आम लोगों तक पहुँचाने का संदेश दिया गया।
( 0 ) - Comments