महराजगंज। जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कालेज में छात्रसंघ चुनाव कराए जाने समेत कई मांगों को लेकर चल रहा छात्रों का अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुक्रवार को तीसरे दिन समाप्त हो गया। एसडीएम सदर और प्राचार्य के आश्वासन पर अनशनकारी छात्रों ने जूस पीकर अपना आंदोलन खत्म किया। छात्रों का कहना था कि छात्रसंघ चुनाव न होने से कॉलेज परिसर में अराजकता का माहौल है। शुल्क जमा करने में धांधली और शोषण जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। उनका कहना था कि छात्रसंघ चुनाव से न केवल विद्यार्थियों को नेतृत्व का अवसर मिलता है बल्कि व्यवस्थागत सुधार भी होते हैं। इन मुद्दों को लेकर दर्जनों छात्र बीते तीन दिनों से कालेज परिसर में धरने पर डटे रहे।
तीसरे दिन एसडीएम सदर मौके पर पहुंचे और छात्रों से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। साथ ही कॉलेज प्राचार्य अजय कुमार मिश्र ने भी छात्रों को सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। इसके बाद छात्रों ने अनशन समाप्त किया। अनशनकारी छात्रों में मनीष कुमार यादव, अभिषेक कुमार, आलोक रंजन दुबे, शिवम शर्मा, राहुल निषाद, आदर्श मिश्रा, अभय साहनी, राजकुमार शर्मा, पवन, अब्दुल्ला सिद्दीकी, संदीप कनौजिया, विकास यादव और जावेद कुरैशी समेत कई छात्र शामिल रहे। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई और अन्य समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो वे पुनः आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उनका कहना था कि छात्रसंघ का चुनाव छात्रहित में आवश्यक है, जिससे युवाओं के नेतृत्व को बढ़ावा मिलेगा और महाविद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था में सुधार होगा।
( 0 ) - Comments