महराजगंज। जिले के भिटौली थाना क्षेत्र के अगया पुल पर शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। ओवरटेक की कोशिश में रोडवेज की तीन सरकारी बसें आपस में टकरा गईं। हादसे में करीब 29 यात्री घायल हो गए, जिनमें 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल हादसे के कारण आवागमन कुछ देर के लिए बाधित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारू कराया। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महराजगंज से गोरखपुर जा रही रोडवेज बस और गोरखपुर से महराजगंज आ रही दूसरी बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही तीसरी बस भी इनसे टकरा गई। अचानक हुई इस जोरदार टक्कर से बसों में बैठे यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कई यात्री सीटों से गिरकर घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और बस की खिड़कियां तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को बुलाकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में प्रीति, विमला, अमित कुमार सिंह, वीरेंद्र चौहान, अमरनाथ, सुमन, आरती, रामधनी, इस्माइल और नाथू समेत कई लोग शामिल हैं।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और अपर पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे। डीएम ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद जिला अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने सीएमएस को निर्देश दिया कि अस्पताल के अधिकतर चिकित्सक घायलों के उपचार में तत्काल लगाए जाएं और किसी मरीज को इलाज में दिक्कत न हो।
( 0 ) - Comments