महराजगंज। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने विधानसभा क्षेत्र के रूधौली, भावचक, मटियारवा, अमहवा और नेता सुरहुरवा गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उन्हें समयबद्ध तरीके से दूर करना ही उनकी पहली प्राथमिकता है।
उन्होंने ग्रामीणों से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में प्रदेश और क्षेत्र तेजी से विकास की राह पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में चल रही योजनाएं गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को सशक्त बना रही हैं। उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का सीधा लाभ पात्र व्यक्तियों को मिल रहा है। अब किसी भी योजना में बिचौलियों की भूमिका नहीं रह गई है। पारदर्शिता और जवाबदेही ही सरकार की पहचान है।
विधायक ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने क्षेत्र के विकास में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर गांव, गरीब और किसानों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए संकल्पित है। इस मौके पर राम वल्लभ शरण वर्मा, पूर्व प्रधान छेदी वर्मा, राधे रमण शुक्ला, पूर्व प्रधान अजय पटेल, वीरेंद्र लोहिया समेत भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
( 0 ) - Comments