-परिजनों ने मनाने की कोशिश की, पर घर लौटने से किया इनकार
-पुलिस ने सहमति मिलने पर प्रेमी के साथ भेजा
महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र के एक गांव में दो बच्चों की मां अपने प्रेमी संग जाने की जिद पर अड़ी रही। कुछ दिन पहले वह अपने दोनों बच्चों को छोड़कर प्रेमी संग घर से चली गई थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट चौक थाने में दर्ज कराई थी।
मिली जानकारी के अनुसार महिला का प्रेम संबंध कई वर्षों से गांव के ही एक युवक से था। महिला का पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता था, जिससे उसकी और युवक की नजदीकियां प्रेम में बदल गईं। दोनों अक्सर मिलने लगे और एक-दूसरे के बिना चैन नहीं मिलता था। पिछले सोमवार शाम महिला ने परिजनों के लिए भोजन बनाकर परोसा। रात में सभी परिजन सो गए। मंगलवार सुबह जब महिला के कमरे का दरवाजा देर तक नहीं खुला तो परिजन अंदर पहुंचे और देखा कि वह दोनों बच्चों को छोड़कर गायब है। आस-पड़ोस और रिश्तेदारों के यहां तलाशने के बाद भी उसका पता नहीं चला, तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
गुमशुदगी की जानकारी मिलने पर महिला अपने प्रेमी संग थाने पहुंच गई। थाने पर परिजनों ने उसे घर लौटने को कहा, लेकिन महिला ने घर जाने से इनकार करते हुए प्रेमी संग जाने की जिद की। उपनिरीक्षक राहुल कुमार ने बताया कि महिला बालिग है और अपनी इच्छा से प्रेमी संग रहना चाहती है। परिजनों की सहमति मिलने पर उसे प्रेमी के साथ भेज दिया गया।
( 0 ) - Comments