महराजगंज। सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमाशंकर राजभर की आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर तैलिक समाज में गहरा आक्रोश है। गुरुवार को भारतीय तैलिक साहू राठौर महासभा के बैनर तले समाज के लोगों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व महासभा के जिलाध्यक्ष रामसेवक साहू ने किया। प्रदर्शन के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से लोकसभा अध्यक्ष की अनुशासन समिति को ज्ञापन सौंपते हुए सांसद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष रामसेवक साहू ने बताया कि 27 जुलाई को सांसद रमाशंकर राजभर ने अपने मोबाइल से सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक पोस्ट साझा की, जिसमें लिखा था हिंदू शुभम गुप्ता हिंदू धर्म में तैलिक का मुंह देखना पाप है। उन्होंने इसे समाज के प्रति अत्यंत अपमानजनक, अमर्यादित और असंसदीय बताया।
रामसेवक साहू ने कहा कि इस प्रकार की भाषा समाज में वैमनस्य और नफरत फैलाती है, जिससे सामाजिक सौहार्द और एकता को गहरी चोट पहुंचती है। महासभा ने इस कृत्य को वर्ग संघर्ष भड़काने की साजिश करार देते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषी सांसद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन में लालजी गुप्ता, सुरेश गुप्ता, गोरख गुप्ता, बद्री विशाल, प्रमोद गुप्ता, अजय गुप्ता, सोहन लाल गुप्ता, अनिल गुप्ता, चंद्रशेखर साहू, विपिन, प्रदीप कुमार, दिनेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
( 0 ) - Comments