• E-Mail : admin@reporterbhaiya.com
news-details
महाराजगंज

गायब किशोर का शव मिलने पर भड़का आक्रोश, हाईवे जाम


महराजगंज।

सदर कोतवाली क्षेत्र के चिउरहा वार्ड निवासी गणेश चौधरी का 12 वर्षीय पुत्र हिमांशु चौधरी, जो 24 अगस्त की शाम से लापता था, गुरुवार देर रात दुबौली नहर में मृत अवस्था में मिला। शव की बरामदगी की खबर फैलते ही परिजनों व ग्रामीणों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस व प्रशासन के बहुत समझाने के पांच घंटे बाद प्रदर्शन को समाप्त किया गया।  
शुक्रवार सुबह गुस्साए परिजन व ग्रामीण भारी संख्या में फरेंदा रोड स्थित जिला उद्योग चौराहा पर जमा हो गए और हाईवे पर जाम लगा दिया। आक्रोशित लोग हत्यारोपियों की गिरफ्तारी व उनके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग करने लगे। इस दौरान पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए भीड़ ने नारेबाजी की और कई बार पुलिसकर्मियों से तीखी नोकझोंक भी हुई।
परिजनों का आरोप है कि बच्चे के लापता होने की सूचना समय रहते पुलिस को दी गई थी, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने केवल कोरम पूरा किया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस ने शुरुआत से ही आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की होती तो घटना का खुलासा हो सकता था। उनका आरोप है कि पुलिस शुरू से ही आरोपियों को बचाने का प्रयास करती रही और शव मिलने के बाद ही हरकत में आई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीडीओ अनुराज जैन, एडीएम, सीओ जय प्रकाश त्रिपाठी, तहसीलदार पंकज शाही, नायब तहसीलदार देशदीपक त्रिपाठी, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, पूर्व विधायक श्रीपत आजाद और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
 एएसपी सिद्धार्थ ने बताया कि 12 वर्षीय बच्चे का शव नहर से बरामद हुआ है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। उन्होंने कहा कि आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराने की लगातार कोशिश की जा रही है।

  • Tags
  • आक्रोश,गायब किशोर,

You can share this post!

author

Pt. Vijay Sharma

By Reporter Bhaiya

Null

( 0 ) - Comments

Leave Comments