महराजगंज। नगर क्षेत्र में रविवार को कुछ युवकों ने बिना अनुमति धार्मिक जुलूस निकालने की कोशिश की। जैसे ही पुलिस को सूचना मिली, अधिकारी मौके पर पहुंचे और सख्ती बरतते हुए जुलूस को आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद युवक तितर-बितर हो गए।
जानकारी के मुताबिक हमीद नगर और सुभाष नगर के कुछ युवक आई लव मोहम्मद के नारे लगाते हुए सक्सेना चौराहे तक पहुंच गए। वहां तैनात पुलिस अधिकारियों ने जब अनुमति पत्र मांगा तो आयोजक कोई कागज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद जुलूस को रोक दिया गया और युवकों को समझाकर लौटा दिया गया। वापस लौटते समय हमीद नगर क्षेत्र में एक बार फिर नारेबाजी होने लगी। हालात बिगड़ते देख कोतवाली पुलिस ने कड़ाई दिखाई तो युवक मौके से भाग खड़े हुए। इस दौरान नौ बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिलीं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
सीओ सदर जय प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि जिले में निषेधाज्ञा प्रभावी है। ऐसे में किसी भी जुलूस या सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य है। बिना परमिशन जुलूस निकालने का प्रयास किया गया था, जिसे रोक दिया गया। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
( 0 ) - Comments