महराजगंज। नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को नगर पालिका परिषद सभागार में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल एवं डिवीजनल अधिकारी रोहन सिंह ने की। इस अवसर पर स्वच्छता अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में मुख्य रूप से कचरा पृथक्करण-सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग करने की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करने और इसके प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया गया। इसके तहत सभी वार्डों में जनजागरूकता रैलियों, नुक्कड़ नाटकों और घर-घर संपर्क अभियानों को शुरू किया जाएगा। नपा अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने सफाई नायकों को संबोधित करते हुए कहा कि वे केवल सफाईकर्मी नहीं, बल्कि समाज में स्वच्छता के संदेशवाहक हैं। उन्होंने कहा, स्वच्छता केवल सरकारी योजना नहीं बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक घर में कचरे का पृथक्करण अब आवश्यक हो गया है।
डिवीजनल अधिकारी रोहन सिंह ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य हर नागरिक को स्वच्छता के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाना है। उन्होंने सभी सफाई नायकों से अपील की कि वे अपने कार्य क्षेत्र में न केवल सफाई करें, बल्कि लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें। बैठक में प्रोजेक्ट एनालिस्ट अभय कुमार गुप्ता, कार्यालय सहायक ऋषभ दुबे सहित नगर के सभी सफाई नायक मौजूद रहे।
( 0 ) - Comments