महराजगंज। मिशन शक्ति 5.0 के तहत बुधवार को कम्पोजिट विद्यालय सोनरा आठ की छात्रा संजीवनी को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। इस दौरान उन्होंने जिलेभर से आई फरियादों को सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यभार संभालते ही संजीवनी ने बुद्धेश कुमार पाण्डेय, मालती देवी नरसिंह नारायण, घूरहु लालजी व बृज प्रवास पाण्डेय की समस्याओं की सुनवाई की। इन शिकायतों में राजस्व, ग्राम विकास, बीएलओ की ड्यूटी लगाने और मुख्यमंत्री आवास योजना से जुड़े मामले प्रमुख थे। इसके साथ ही बारह अन्य लोगों की समस्याओं पर भी सुनवाई की गई और अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए गए।
सुनवाई के दौरान कोतवाली क्षेत्र के फूलवरिया निवासी गौतम कुमार ने लिखित शिकायत दी कि गौनरिया-फूलवरिया मार्ग पर चुनाव संबंधी विवाद को लेकर कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए एक दिन की जिलाधिकारी संजीवनी ने तत्काल सदर कोतवाल को फोन पर निर्देश दिया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संजीवनी की भूमिका और निर्णय क्षमता को देखकर मौजूद अधिकारी-कर्मचारी भी प्रभावित हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि अधिकारी यदि तत्परता और संवेदनशीलता के साथ काम करें तो लोगों की परेशानियों का समाधान त्वरित रूप से संभव है। मिशन शक्ति 5.0 के इस अनोखे पहल ने छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहन दिया है।
( 0 ) - Comments