महराजगंज। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की मासिक बैठक सोमवार को जिला पंचायत सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर राजभर ने की, जबकि संचालन जिला प्रमुख महासचिव मनोज कुमार वरुण ने किया। बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सचिव जीतेंद्र सिंह ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव को लेकर सभी विधानसभाओं में प्रभारी नियुक्त किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि हर विधानसभा क्षेत्र में जन चौपाल आयोजित कर जनता से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा ताकि पार्टी की नीतियां घर-घर तक पहुंच सकें। सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के दिशा-निर्देश पर सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट को लागू कराने की मांग को लेकर पार्टी लगातार प्रमुख दलों पर दबाव बना रही है। उन्होंने नौतनवा, पनियरा और सदर क्षेत्रों में बूथ, सेक्टर और जोन स्तर की तैयारी शीघ्र पूर्ण कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान को गति दें और पार्टी की विचारधारा को आमजन तक पहुंचाएं।
जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर राजभर ने कहा कि पंचायत चुनाव पार्टी के लिए बेहद अहम है, इसलिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर मैदान में उतरें। उन्होंने कहा कि सुभासपा गरीब, पिछड़ों और वंचितों की आवाज है, जिसे जनता का निरंतर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने हर गांव में पार्टी का झंडा फहराने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर बल दिया।
बैठक में बृजेश राजभर, मनीष भारद्वाज, रामनयन सिंह, श्रीकांत यादव, जानकी राजभर, शिला यादव, विष्णु श्रीवास्तव, संतोष भारतीय, रामचंद्र चौहान, भरत, रंजीत मद्धेशिया, जहरुद्दीन सिद्दीकी, दशरथ राजभर, अंबिका राजभर और रामदास राजभर आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
( 0 ) - Comments