महराजगंज। परतावल ब्लॉक में बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े एक सोशल मीडिया ग्रुप में शिक्षक द्वारा ब्राह्मण महिलाओं पर आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणी करने से हड़कंप मच गया। मामला सामने आते ही शिक्षकों में आक्रोश फैल गया और आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार (एकेडमिक इन्फो परतावल) नामक विभागीय ग्रुप में बीती रात लगभग 10:33 बजे आरोपी शिक्षक ओम प्रकाश कनौजिया ने अभद्र संदेश पोस्ट किया। यह संदेश देखते ही ग्रुप में मौजूद महिला शिक्षकों ने कड़ी नाराजगी जताई और आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग उठाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धि पाण्डेय ने पुष्टि की कि आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है तथा विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। बीएसए ने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर आगे सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
स्थानीय शिक्षकों का कहना है कि इस प्रकार की हरकत से महिला शिक्षकों की गरिमा को ठेस पहुंचती है और पूरे शिक्षा विभाग की छवि धूमिल होती है। उनका कहना है कि आरोपी के खिलाफ केवल विभागीय नहीं बल्कि कानूनी कार्रवाई भी की जानी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी शिक्षक इस तरह की हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।
( 0 ) - Comments