महराजगंज। मिठौरा क्षेत्र में शनिवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। ग्राम सभा पड़री कला और सेखुई के बीच चौक–निचलौल मार्ग पर सुबह करीब चार बजे मुर्गी लदी तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। दुर्घटना में बाइक सवार जयकरन चौधरी (17) और दिवाकर शर्मा (16) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदौर से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान जयकरन की मौत हो गई। दिवाकर की हालत नाजुक बनी हुई है।
दोनों किशोर सेखुई गांव से आधार केंद्र महराजगंज जाने के लिए निकले थे। मैरेज हाल के पास पुलिया पर पहुंचते ही सामने से आ रही पिकअप ने उन्हें रौंद दिया।जोरदार आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जयकरन की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां रीना, पिता विजयी, दादा बैजनाथ और बहन चांदनी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने छोटे भाई राज और बहन चांदनी से बड़ा था।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे लापरवाही से उगी झाड़ियां हादसों का कारण बन रही हैं। इनके फैलाव से सड़क संकरी हो गई है और सामने से आती गाड़ियां दिखना बंद हो जाता है। भोला भारती, मोहन, रामप्रीत, केशव त्रिपाठी, सोहन ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद विभाग झाड़ियां नहीं कटवा रहा।चौक थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है।
( 0 ) - Comments