महराजगंज। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के बैनर तले गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से बीएलओ पद पर पूर्व से कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और आशा बहुओं को ही पुनः नियुक्त करने की मांग की गई।
संघ के जिलाध्यक्ष ब्रह्मानन्द के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि पिछले लगभग 16 वर्षों से लोकसभा व विधानसभा चुनावों के दौरान बीएलओ के रूप में ग्राम रोजगार सेवक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री और आशा बहुएं जिम्मेदारी निभाती रही हैं। उनके कार्य अनुभव और क्षेत्रीय समझ के बावजूद अब प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों को बीएलओ पद पर तैनात किया जा रहा है, जिससे पूर्व से कार्य कर रहे कार्मिकों में आक्रोश है। जिलाध्यक्ष ब्रह्मानन्द ने कहा कि जिन कर्मियों ने वर्षों तक पूरी निष्ठा के साथ यह कार्य किया है, उन्हें दरकिनार करना न सिर्फ अन्याय है, बल्कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के संचालन में अनुभव की अनदेखी भी है।
संघ ने प्रशासन से मांग की है कि पुराने बीएलओ को ही पुनः नियुक्त किया जाए, ताकि निर्वाचन कार्यों में गुणवत्ता और विश्वसनीयता बनी रहे। इस दौरान रामकेश्वर रैना, उमेश चौरसिया, धर्मेंद्र, प्रमोद राय, सर्वेश कुमार, संतोष गुप्ता, उपेंद्र शर्मा, राजेंद्र प्रसाद, मुरारी पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक उपस्थित रहे।
( 0 ) - Comments