महराजगंज। सदर विकास खंड के ग्रामसभा बागापार के टोला बहेरवा के ग्रामीणों ने सोमवार को डीएम संतोष कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपकर अपने क्षेत्र के क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत और पक्की सड़क निर्माण की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि बागीचे से नदाव नाले तक जाने वाला यह मार्ग बरसात के दौरान पूरी तरह जलमग्न हो जाता है, जिससे करीब दो दर्जन गाँवों के हजारों लोग प्रभावित होते हैं। इसके कारण एम्बुलेंस और पुलिस जैसी आपातकालीन सेवाएं समय पर नहीं पहुँच पाती हैं, और छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यह मार्ग जिला मुख्यालय से जुड़ने वाला प्रमुख रास्ता भी है।
ज्ञापन सौंपने वाले ग्रामीणों में उमेश चन्द मिश्रा, काशी प्रसाद, रामचंद्र, विपिन चौधरी, नियाज अहमद, गुलाब, अनिल वर्मा, नासिर अजीज, अजमत अली, प्रेम सागर, सुरेंद्र वर्मा, इंद्रजीत और जीतेन्द्र शामिल थे। उन्होंने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच में स्पष्ट किया गया कि यह कार्य ग्राम पंचायत स्तर से संभव नहीं है और इसे किसी कार्यदायी संस्था के माध्यम से ही कराया जा सकता है। ग्रामीणों ने डीएम से आग्रह किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र पक्की सड़क निर्माण की स्वीकृति दी जाए, जिससे हजारों लोगों की रोजमर्रा की मुश्किलें दूर हो सकें।
( 0 ) - Comments