महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के बल्लो खास गांव के पास शनिवार को हुए सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया। तेज रफ्तार टेम्पो अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकराया और सड़क पर आ गिरा। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक उसकी चपेट में आ गई। हादसे में बाइक सवार सत्यम (26) निवासी सुकरौली, थाना हाटा, कुशीनगर की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेम्पो की रफ्तार काफी तेज थी। बल्लो खास गांव के मोड़ पर चालक ने संतुलन खो दिया और वह बिजली के खंभे से टकराने के बाद बाइक में जा भिड़ा। दुर्घटना में सत्यम की पत्नी, सरहज और एक वर्षीय भतीजा अवि गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मासूम अवि को मृत घोषित कर दिया। पत्नी और सरहज की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
परिजनों ने बताया कि सत्यम की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी। हाल ही में वह पत्नी को लेकर रामपुरमीर ससुराल आया था और वहीं से रिश्तेदारी में जा रहा था। मृत मासूम अवि अपने घर का इकलौता बेटा था, जिसका जन्म तीन बहनों के बाद हुआ था। उसकी मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर घुघली पुलिस मौके पर पहुंची और टेम्पो को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद टेम्पो चालक फरार हो गया। थानाध्यक्ष घुघली कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
( 0 ) - Comments