महराजगंज जनपद के निचलौल तहसील क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का गोरखधंधा जोरों पर है। खासकर रात के समय में खनन माफियाओं द्वारा बड़े पैमाने पर मिट्टी की खुदाई और ढुलाई की जा रही है। स्थानीय लोग इस अवैध गतिविधि से बेहद परेशान हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली और भारी मशीनों की आवाजें रातभर गूंजती रहती हैं, जिससे आम नागरिकों की नींद हराम हो गई है।ग्रामीणों द्वारा कई बार स्थानीय प्रशासन और खनन विभाग को शिकायत दी जा चुकी है,लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। शिकायतें या तो अनसुनी कर दी जाती हैं या फिर औपचारिकता निभाकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। इससे यह स्पष्ट होता जा रहा है कि खनन माफियाओं को कहीं न कहीं संबंधित अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, खनन माफिया संबंधित अधिकारियों से अच्छी ताल मेल हैं, जिससे उनकी गतिविधियों पर कोई रोक नहीं लगती। यही कारण है कि इन माफियाओं के हौसले दिनोंदिन बुलंद होते जा रहे हैं। खुलेआम सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, बल्कि सरकारी राजस्व की भी भारी हानि हो रही है। मिट्टी खनन के लिए जरूरी अनुमति और करों की अनदेखी कर ये माफिया मनमाने तरीके से कार्य कर रहे हैं। इससे क्षेत्र में सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं और आम जनता का जीवन संकट में पड़ गया है।
( 0 ) - Comments